देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर क्यूआरटी की सख्ती

देहरादून। देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पॉन्स टीम ने जिले में सतत कार्रवाई तेज कर दी है। कल डोईवाला और विकासनगर क्षेत्र में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बडोवाला स्थित बालाजी रिटेल आउटलेट और हीरा गैस एजेंसी समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया। टीम ने इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के अधिकारियों के साथ गैस कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया और सिलेंडर उपलब्धता पर भी चर्चा की। कल के आंकड़ों के अनुसार, जिले में लगभग 15,987 घरेलू और 874 व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। जिले में वर्तमान में 30,492 घरेलू और 4,283 व्यवसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि किसी भी गैस समस्या या शिकायत के लिए 1077, 0135-2626066, 2726066 या व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर सूचना दें। जिलाधिकारी ने कहा कि कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का संदेश स्पष्ट है-एलपीजी आपूर्ति पारदर्शी, सुरक्षित और समय पर होनी चाहिए।

Leave a Reply