पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले शीर्ष नेता राज्य भर में जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। राज्य में इस महीने की 23 और 29 तारीख को दो चरणों में मतदान होना है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य में फैली अराजकता और कुशासन को उजागर करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की। प्रधानमंत्री ने मालदा ज़िले की उस घटना को लेकर भी पार्टी की आलोचना की, जिसमें भीड़ ने कई घंटों तक न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए रखा था और भारत के सर्वोच्च न्यायालय को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा था। प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों को भरोसा दिलाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो वह विकास सुनिश्चित करेगी और घुसपैठियों को बाहर निकालेगी। उन्होंने कहा कि कूचबिहार में उमड़ी भारी भीड़ यह साबित करती है कि तृणमूल कांग्रेस का समय अब समाप्त हो गया है। श्री मोदी ने राज्य सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और घुसपैठ के ज़रिए बंगाल के भविष्य और पहचान को खतरे में डालने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह आरोप भी लगाया कि ममता बनर्जी सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शासन-प्रशासन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि देश भर में लाखों महिलाओं कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी” पहल के तहत लगभग तीन करोड़ महिलाओं को सशक्त बनाया गया है। श्री मोदी ने फैसले लेने की प्रक्रिया में महिलाओं को और ज़्यादा प्रतिनिधित्व देने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस महीने की 16, 17 और 18 तारीख को संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनावों से महिला आरक्षण अधिनियम को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। पश्चिम बंगाल समेत सभी राज्यों को भरोसा दिलाते हुए श्री मोदी ने कहा कि जो राज्य जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उनका प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा और सभी राज्यों की भागीदारी तथा सभी के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। श्री मोदी ने महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्यों को व्यापक लाभ पहुंचाने के साथ-साथ संसद में महिलाओं की भूमिका को मज़बूत करना भी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है, तो औद्योगीकरण, किसानों की आय, महिलाओं की सुरक्षा और रोज़गार को प्राथमिकता दी जाएगी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने शमशेरगंज, जियागंज और अजीमगंज में रैलियां कीं और मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में एक रोड शो में भी हिस्सा लिया। कांग्रेस, वामपंथी और अन्य राजनीतिक दल राज्य भर में छोटी-छोटी जनसभाओं के माध्यम से अपने प्रचार अभियान को तेज कर रहे हैं।
