केदारनाथ हैली सेवा के नाम पर साइबर ठगी पर रुद्रप्रयाग पुलिस का एक्शन

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हैलीकॉप्टर सेवाओं के नाम पर किये जाने वाले फ्रॉड को रोकने के लिए एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा जनपद स्तर पर ‘‘साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स’’ तैयार की गयी है। जनपद स्तर पर गठित इस फोर्स द्वारा सार्थक कार्यवाही की गयी है।

इस कार्यवाही के तहत चिन्हित किए गए कुल 111 फेसबुक पेजों में से 106 पेजों को सफलतापूर्वक टेक डाउन किया गया है। इसके अतिरिक्त, 16 इंस्टाग्राम खातों को भी संदिग्ध गतिविधियों के कारण रिपोर्ट किया गया है। इन सभी अकाउन्ट्स की डिटेल्स प्राप्त कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। इन फेसबुक पेजों के साथ लिंक साइबर ठगी में प्रयुक्त होने वाले 110 मोबाइल नंबरों में से 55 नम्बरों को सम्बन्धित टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स और व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लॉक कर दिया गया है तथा शेष 55 मोबाइल नम्बरों को ब्लॉक करने हेतु रिपोर्ट किया गया है।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा है कि जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करती है, श्री केदारनाथ धाम यात्रा हैलीकॉप्टर के माध्यम से करने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि इस बार की केदारनाथ यात्रा हेतु हैली सेवाओं की एकमात्र अधिकृत वेबसाइट  https://www.heliyatra.irctc.co.in/  है। अन्य किसी भी प्रकार की वेबसाइट, फेसबुक विज्ञापन, लिंक या व्हट्सएप के माध्यम से टिकटों की बुकिंग का प्रयास न करें।

Leave a Reply