दानापुर (पटना, बिहार)। पटना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दानापुर क्षेत्र में हुए चर्चित स्वर्ण लूटकांड का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 5.403 किलोग्राम सोना, 1 लाख 97 हजार रुपये नकद और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 4 अप्रैल 2026 को दानापुर स्टेशन के समीप अपराधियों ने कस्टम अधिकारी बनकर एक स्वर्ण व्यवसायी से सोना लूट लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पटना के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए, जिनमें एक चारपहिया वाहन चोरी का पाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
