नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम ने विधानसभा चुनावों में भाजपा एनडीए को भारी जनसमर्थन के लिए जनता का आभार जताया।
विधानसभा चुनावों में भाजपा एनडीए की महाविजय के बाद नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सन्देश स्पष्ट था – ये देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसे का दिन है। पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक जनादेश, असम में जीत की हैट्रिक और पुडुचेरी में जनता द्वारा एनडीए को फिर अवसर दिए जाने से भाजपा मुख्यालय में यह जश्न उत्साह और उल्लास से लबरेज़ नज़र आया। पीएम ने जनता का आभार जताया साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
पीएम ने चुनाव आयोग, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी लोगों और सुरक्षा बलों के योगदान को सराहा। कहा – आज देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की जीत हुई है। बंगाल की जीत का ज़िक्र करते हुए पीएम ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया। पीएम ने विश्वास जताया कि अब सशक्त और समृद्ध बंगाल का वो सपना पूरा होगा जो डॉ मुखर्जी ने देखा था।
पीएम ने बंगाल की जीत उन कार्यकर्ताओं को समर्पित की जिन्होंने लम्बे समय तक कितने ही अत्याचारों को झेला। पीएम ने बंगाल के नतीजों को नया सूर्योदय बताया। पीएम ने सभी दलों के कार्यकर्ताओं से सियासी हिंसा के बजाए शांतिपूर्ण वातावरण के निर्माण का आह्वान किया। असम के जनादेश को ऐतिहासिक बताते हुए पीएम ने कहा कि राज्य विकास की गति को और बढ़ाएगा। पीएम ने पुडुचेरी के विकास की एनडीए की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम ने केरलम और तमिलनाडु की जनता को विश्वास दिलाया कि इन दोनों राज्यों के विकास के लिए केन्द्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। महिला आरक्षण में विपक्षी दलों की रुकावट का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा कि नारी शक्ति ने इन दलों को सबक़ सिखाया है और आगे भी सिखाएगी।
देशभर में वामपंथी दलों के सत्ता से बाहर हो जाने का ज़िक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जिस सोच को देश ने नकार दिया कांग्रेस उसी को अपनाने में लगी है। पीएम ने कहा – अर्बन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही कांग्रेस न भूले कि जिस विचार को जनता ने ठुकराया उसे जो अपनाएगा जनता उसे भी ठुकराएगी।
