अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले की सल्ट तहसील क्षेत्र में मोहान वन प्रभाग की कैमोरिया बीट के अंतर्गत ग्राम सभा तड़म में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना के बाद वन विभाग ने बाघ का रेस्क्यू कर लिया है। उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर ने बताया कि सोमवार रात लगभग नौ बजे बाघ का सफल रेस्क्यू किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में बाघ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे कॉर्बेट टाइगर रिजर्व भेज दिया गया है।
तीन मई को ग्राम सभा तड़म के समीप एक बाघ को ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया गया था, लेकिन घने जंगल और विषम परिस्थितियों के कारण अभियान को और तेज करते हुए अतिरिक्त टीमों को तैनात किया गया।
गौरतलब है कि बीती 31 मार्च को क्षेत्र में हुई घटना के बाद वन विभाग द्धारा ड्रोन, ट्रैप कैमरे और गश्ती दलों की सहायता से लगातार निगरानी की जा रही थी। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पिंजरा, फॉक्स लाइट, सायरन तथा अग्निशमन उपकरणों का उपयोग किया गया और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक भी किया गया। वन विभाग ने आमजन से वन्यजीवों की गतिविधियां दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना देने तथा जंगल में अकेले न जाने और अंधेरे में गैर जरूरी आवाजाही से बचने की अपील की है।
