देहरादून। उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को अगस्त तक आउट ऑफ टर्न जॉब की विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय के एफआरडीसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने में अब और देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को इस प्रक्रिया को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में खेल विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र के लिए नियुक्तियां जल्द पूरी करने, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में जुलाई से सत्र शुरू करने और 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। खेल मंत्री ने नई खेल नीति और हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
