बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंचल कार्यालय स्थित RTPS काउंटर पर तैनात क्लर्क राजकुमार मिश्रा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्लर्क चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का निवासी बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बालेश्वर कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन की जमाबंदी लंबे समय से लॉक थी, जिसे अनलॉक कराने के एवज में क्लर्क द्वारा 15 हजार रुपये की मांग की जा रही थी और लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर उन्होंने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी।
निगरानी डीएसपी श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसके बाद ट्रैप टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। योजना के तहत जैसे ही आरोपी क्लर्क ने 15 हजार रुपये रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को अपने साथ ले गई तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
