अरुणाचल प्रदेश में अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के 405 मेगावाट पनयोर जलविद्युत परियोजना के पास स्थित 43 एनईईपीसीओ कॉलोनी में आई फ्लैश फ्लड के बाद पांच लोगों के लापता होने की खबर है। एनईईपीसीओ के परियोजना प्रमुख के अनुसार, घटना में 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस के जरिए जीरो ले जाया गया, लेकिन पितापूल में सड़क अवरुद्ध होने के कारण उन्हें प्रभावित हिस्से को पैदल पार कराकर आगे उपचार के लिए भेजना पड़ा। तेज़ी से बढ़े पानी के कारण कई रिहायशी इलाके भी जलमग्न हो गए। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है, क्योंकि क्षेत्र में मौसम की अस्थिर स्थिति के चलते बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
