कोलकाता। कोलकाता में पूर्व TMC विधायक अतीन घोष, उनकी बेटी और दामाद पर जमीन और बंगला हड़पने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला पूर्वी कोलकाता के लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के तीन मंजिला बंगले और उससे जुड़ी जमीन से संबंधित है। शिकायतकर्ता कमलिनी पॉल का आरोप है कि यह संपत्ति उनसे जबरन और बाजार मूल्य से कम कीमत पर ली गई।
उनका कहना है कि उन्हें धमकाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और बाद में संपत्ति उनके हाथ से निकल गई। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि बिना उनकी सहमति के 50 लाख रुपये उनके खाते में जमा किए गए, जिसे बाद में लौटाने पर उनका बैंक खाता ब्लॉक कर दिया गया। पुलिस ने जमीन हड़पने, धोखाधड़ी और धमकी जैसे आरोपों में FIR दर्ज की है और जांच बिधाननगर नॉर्थ थाना को सौंपी गई है।
पुलिस ने बताया कि पूर्व विधायक और उनकी बेटी तथा दमाद पर पूर्वी कोलकाता में करीब चार करोड़ रुपये कीमत के तीन-मंजिला बंगले और उससे सटी जमीन पर करीब नौ साल तक अवैध रूप से कब्जा रखने का आरोप है। अतीन घोष और उनकी बेटी ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए मानहानि का मुकदमा करने की बात कही है और जांच में सहयोग की बात भी कही है।
