पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में इस वर्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष लिपुलेख मार्ग से कुल 10 दल कैलाश मानसरोवर की यात्रा करेंगे। यात्रा का पहला दल 5 जुलाई को पिथौरागढ़ पहुंचेगा। श्रद्धालु धारचूला स्थित बेस कैंप में रात्रि विश्राम के बाद 6 जुलाई को उच्च हिमालयी क्षेत्र की ओर प्रस्थान करेंगे। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मानसून और वर्षा की स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। इसके साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
लिपुलेख मार्ग से 10 दल करेंगे कैलाश मानसरोवर की यात्रा
