जहानाबाद में 5 हजार रिश्वत लेते अमीन गिरफ्तार

जहानाबाद (बिहार)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (पटना) ने बुधवार को जहानाबाद जिले के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। निगरानी टीम ने अंचल कार्यालय के अमीन अनिल कुमार सिंह को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

निगरानी टीम ने गिरफ्तार अमीन के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक श्री राम चौधरी ने किया।

जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार उर्फ राखी वर्मा ने अपनी 26 डिसमिल जमीन की नापी के लिए 5 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद काफी समय तक जमीन की नापी नहीं की गई। इसके बाद अमीन द्वारा नापी कराने के एवज में 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।

रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।

बुधवार को मखदुमपुर अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने जैसे ही अमीन को 5 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अमीन को पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया है। निगरानी विभाग आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई कर रहा है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। सत्यापन के बाद ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply