मुंगेर( बिहार)। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांक–सफियासराय मुख्य मार्ग पर नौलखा गांव के समीप रविवार को एक चलती कार में अचानक आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरी तरह राख हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से वाहन में सवार एक बुजुर्ग महिला समेत दोनों लोगों की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार दोनों लोग कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन बांक की ओर से सफियासराय जा रहा था। इसी दौरान कार के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और अपने साथ मौजूद बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह जलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और रामनगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार और राजवीर कुमार ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाने का कोई अवसर नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट या ईंधन टैंक में किसी तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
