नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए होंगे विशेष प्रावधान

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी के खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष और ऐतिहासिक प्रावधान शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष श्रेणी के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने व उन्हें हर संभव मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए एक मजबूत खाका तैयार किया जा रहा है।

ये घोषणा खेल मंत्री ने देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन अवसर पर की। इस चैंपियनशिप में 11 राज्यों से आए 100 से अधिक होनहार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। 

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियां सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में कहीं अधिक बड़ी और जटिल होती हैं। इसलिए, इन खिलाड़ियों को समाज और व्यवस्था से विशेष संरक्षण, अत्याधुनिक सुविधाएं और अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलने की अत्यंत आवश्यकता है। 

खेल मंत्री ने कहा कि आज हिमाद्री आइस रिंक के मंच पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी, यहाँ से जीत का परचम लहराकर वर्ष 2029 में होने वाले स्पेशल प्लेयर्स ओलंपिक (Special Olympics World Games) में भी देश और प्रदेश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करेंगे। जिसमें सरकार उनका पूरा सहयोग करेगी।

‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड मेंबर राजेश्वर सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और विभिन्न राज्यों से आए कोच व अभिभावक उपस्थित रहे। 

Leave a Reply