देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-भानियावाला चार लेन परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई पर फिलहाल रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ जनभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जाएगा।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की ओर से चिंता जताई जा रही थी, जिसके बाद पेड़ों की कटाई स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण परियोजना है, जिस पर हाईकोर्ट के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों के तहत कार्य किया जा रहा है।
सीएम धामी ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ दोबारा संवाद किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के साथ सहमति और विश्वास का माहौल बनने तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान रोक कर रखा जाएगा।
