नक्सलियों पर पुलिस का प्रहार जारी, रविंद्र गंझू की निशानदेही पर एके-56 और 90 गोलियां बरामद

लातेहार। राज्य में नक्सलियों की कमर टूट चुकी है और अब सुरक्षा बल तथा पुलिस अंतिम प्रहार की तैयारी में हैं। लातेहार पुलिस ने गिरफ्तार ईनामी नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाकर चंदवा थाना क्षेत्र के बांझीटोला से एके-56 राइफल, 90 गोलियां और दो मैगजीन बरामद किए हैं। गिरफ्तार नक्सली रविंद्र गंझू से, जो जानकारी मिली है, उस पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

दरअसल, कुख्यात माओवादी रीजनल कमेटी के सदस्य रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी 12 जुलाई को चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांझीटोला गांव से हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनामी नक्सली को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की तो उसने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान दी।  नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में चंदवा थाना क्षेत्र के बांझी टोला स्थित रविंद्र गंझू के घर से थोड़ी दूरी पर एक बरगद के पेड़ के नीचे मिट्टी में दबाकर रखा गया ऑटोमेटिक एके-56 राइफल, दो मैगजीन और एके-56 की 90 गोलियां तथा एक पाउच बरामद किया है। डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कुख्यात नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर लातेहार एसपी के निर्देश पर पुलिस की एक टीम गठित की गई और छापेमारी अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान ऑटोमेटिक एके-56 राइफल, मैगजीन तथा गोलियां बरामद की गई है। उन्होंने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान रविंद्र गंझू ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि रविंद्र का नेटवर्क अब लगभग पूरी तरह खत्म हो गया है। 

बता दें कि गिरफ्तार उग्रवादी रविंद्र गंझू पर 20 लाख का इनाम था। उस पर झारखंड के कई जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 154 हिंसा के मामले दर्ज थे, साथ ही रविंद्र गंझू पर 18 पुलिसकर्मियों की हत्या समेत 18 आम लोगों की हत्या के भी आरोप हैं। डीएसपी ने बताया कि रविंद्र की गिरफ्तारी के बाद अब लातेहार जिले में नक्सलियों का नेटवर्क पूरी तरह खत्म हो गया है।

Leave a Reply