12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर जयपुर में होगा राज्य स्तरीय समारोह

जयपुर। 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। विकास आयुक्त (हथकरघा), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत बुनकर सेवा केंद्र जयपुर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ करेंगे।

समारोह में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इसी अवसर पर बाड़मेर जिले के सेड़वा क्षेत्र के आलिसरों की बस्ती निवासी बुनकर बरीगा राम को वर्ष 2025 का राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनकी विशिष्ट पट्टू साड़ी की उत्कृष्ट शिल्पकला, पारंपरिक बुनाई तकनीक और आकर्षक डिज़ाइन के लिए सम्मानित करेंगी।

जयपुर में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित प्रदर्शनी में राजस्थान थीम पवेलियन, लाइव लूम और हैंडलूम ब्लॉक प्रिंटिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा 60 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। राष्ट्रीय हथकरघा सप्ताह के तहत कैथून (कोटा) और सालावा (जोधपुर) में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply