हल्द्वानी। पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी US डॉलर खरीदकर उन्हें क्रिप्टो करेंसी में बदलने का काम करते थे। कमीशन का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का काम किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, लैपटॉप, पासबुक और 24 बैंक एटीएम, डेबिट व क्रेडिट कार्ड समेत कई सामान बरामद किए हैं। सभी आरोपी मुखानी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। गिरफ्तार आरोपी उत्तराखंड के साथ ही मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
