सागर। सागर में कथित तौर पर अवैध और जहरीली शराब के सेवन से हुई 11 मौतों के मामले पर डॉ मोहन यादव सरकार ने आबकारी उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच करने के साथ ही तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है । जिनमें कीर्ति दुबे, सहायक आयुक्त आबकारी सागर , दिलीप खंडाते सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर और प्रोशनी उरेती आबकारी उप निरीक्षक वृत बंडा हैं । इसके साथ ही गूगरा चौकी प्रभारी निलंबित और बंडा थाना प्रभारी को भी निलंबित किया गया है । बंडा के ग्राम बमूरा मेडा निवासी रामप्रसाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए एम्स भोपाल एयरलिफ्ट किया गया है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के मुताबिक़ पीड़ितों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की जा रही है। इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी । गौरतलब है कि सागर जिले की शाहगंढ तहसील के ग्राम नौराज गुगरा एवं बंडा तहसील के ग्राम पाटन के लोगों के जहरीली शराब पीने से 11 लोग की मृत्यु हुई है और कुछ गंभीर रूप से बीमार हैं जो शासकीय अस्पताल में भर्ती हैं।
