सऊदी एयरपोर्ट पर हूती हमला, 3 लोगों की मौत; 36 घायल

नई दिल्ली। सऊदी अरब और यमन के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। सऊदी अरब के दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए हैं।

सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, अबहा एयरपोर्ट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत और 28 लोग घायल हुए हैं। वहीं, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत और आठ लोग घायल हुए। यमन के हूती विद्रोहियों ने दोनों एयरपोर्ट पर हमले की जिम्मेदारी ली है।

हमलों के बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। गठबंधन ने 80 से ज्यादा हूती सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। इस बीच यमन के अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हूतियों ने हमला किया। यमनी परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, कम से कम दो बैलिस्टिक मिसाइल दागी गईं, जिनमें से एक रनवे के पास गिरी। इसके चलते काहिरा से आने वाली एक उड़ान को जेद्दा डायवर्ट करना पड़ा।

सऊदी गठबंधन ने रियाद के उत्तर में एक हूती बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट करने का भी दावा किया है।

Leave a Reply