श्रीनगर। कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जीवीके झील में एक पैरामेडिकल छात्रा के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने झील में युवती की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती शाम सुपाणा के समीप स्थित जीवीके झील में एक युवती के कूदने की सूचना मिली थी। बताया गया कि युवती ने घर पर फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद घबराए परिजनों ने तत्काल चौरास चौकी पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर युवती झील में छलांग लगाती हुई दिखाई दी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसका बैग भी बरामद हुआ है। युवती की पहचान पल्लवी कठैत (20) पुत्री महिपाल सिंह कठैत, निवासी श्रीकोट गंगानाली, श्रीनगर गढ़वाल के रूप में हुई है। वह मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के अनुसार, परिजनों से पूछताछ में युवती के लंबे समय से मानसिक परेशानी और एंग्जायटी डिसऑर्डर से जूझने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और संबंधित बचाव दल झील में युवती की तलाश के लिए अभियान चला रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
