धनबाद। धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस पर हुए पथराव प्रकरण को लेकर बलियापुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व एसएसपी प्रभात कुमार, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान सिटी एसपी, एसडीएम एडीएम लोन ऑर्डर, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर, डीएसपी 1, एसडीपीओ सिंदरी, थाना प्रभारी समेत कई विभागीय अधिकारी तथा बलियापुर क्षेत्र के स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में रामनवमी के दिन घटित घटना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जुलूस के दौरान अचानक हुई पथराव की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। बैठक में इस बात की समीक्षा की गई कि किन कारणों से विवाद बढ़ा और इसमें किन असामाजिक तत्वों की भूमिका रही। दोनों समुदायों के लोगों ने बैठक में हिस्सा लिया और सभी ने मिलकर आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बलियापुर शांत इलाका रहा है और इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, इसलिए भविष्य में किसी भी तरह की अफवाह, गलतफहमी या उकसावे से बचने की अपील की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि अब तक कुल 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों का नाम जांच में सामने आ रहा है, वे स्वयं थाना पहुँचकर अपनी बात रखें। यदि किसी निर्दोष का नाम शामिल हुआ है, तो वह भी सबूत के साथ थाना आए, निष्पक्ष जांच के बाद उसे राहत प्रदान की जाएगी।
