पौड़ी। जिले के कोट ब्लॉक क्षेत्र में एक प्राचीन गुफा मिली है। यह गुफा गींठी छेड़ा झरने के नीचे दुर्गम इलाके में स्थित है, जहां क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई की टीम ने पहुंचकर इसका प्रारंभिक निरीक्षण किया। गुफा के भीतर प्रवेश के लिए पत्थरों को काटकर बनाई गई छह सीढ़ियां मिली हैं, जो इसके मानव निर्मित होने की ओर संकेत देती हैं। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर है और वहां तक पहुंचने के लिए लगभग एक किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस गुफा का उपयोग प्राचीन काल में बाहरी आक्रमणों और जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए आश्रय स्थल के रूप में किया जाता रहा होगा। क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई की टीम के प्रभारी अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया किगुफा के अंदर एक समय में लगभग छह से आठ लोगों के ठहरने की जगह मौजूद है। गुफा का प्रवेश द्वार खड़ी पहाड़ी पर करीब 20 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जिससे वहां तक पहुंचना काफी मुश्किल है।
