देहरादून। देहरादून में आज पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए 16 पत्रकारों को नारद सम्मान दिया गया। यह सम्मान समारोह प्रदेश की एक प्रतिष्ठित निजी संस्था ने दिया। इस मौके पर पत्रकारिता का स्वरूप विषय पर विमर्श किया गया। इस मौके पर स्वर्गीय राजेंद्र जोशी को सम्मान दिया गया। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार मार्तण्ड पंडित रामेश्वर दत्त शर्मा और निशीथ जोशी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्था ने आपातकाल से लेकर डिजिटल क्रांति तक के दौर को कवर करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया।
इनमें वी.के.शर्मा, मनमोहन लखेड़ा और गिरिधर शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा रमेश दत्त पालीवाल और जीतमणि पैन्यूली जैसे वरिष्ठ पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। डी डी न्यूज संवाददाता अवधेश नौटियाल को भी पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि लोकतंत्र का वह स्तंभ है जिसके बिना समाज दिशाहीन हो सकता है।
