देहरादून। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय का एक दल आज से उत्तराखंड में प्राकृतिक रूप से उगाए जाने वाले उत्पादों का अध्ययन करेगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की योजना तैयार करना है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर वाणिज्य मंत्रालय की टीम को गढ़वाल क्षेत्र के दौरे के लिए आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि यह दल, पहाड़ में उगाए जाने वाले मिलेट्स, हल्दी, जड़ी-बूटियों और अन्य प्राकृतिक उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं पर काम करेगा। इसके तहत किसानों से सीधे संपर्क करने के साथ उत्पादों की जियो टैगिंग और ब्रांडिंग की योजना भी तैयार की जाएगी।
अनिल बलूनी ने कहा कि इस पहल से किसानों को लाभ मिलेगा और पहाड़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
