24 परगना। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। केस हाथ में लेते ही CBI की विशेष जांच टीम (SIT) बुधवार दोपहर उत्तर 24 परगना के दौलताला स्थित घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक बड़ी टीम भी घटनास्थल पर अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लेकर पहुंची थी। टीम ने उस पूरे इलाके की घेराबंदी कर सूक्ष्मता से साक्ष्य जुटाए।
सीबीआई ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग राज्यों के लिए कई टीम बनाई है..मामले की जांच के लिए सीबीआई के डीआईजी के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया है। खबर है कि इस मामले से जुड़ी फाइलें CBI अपने कब्जे में ले सकती है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य पुलिस की जांच टीम किस दिशा में आगे बढ़ी और उन्हें क्या-क्या सबूत मिले, इस बारे में CBI अधिकारियों की राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत हो सकती है। पूरी घटना 6 मई की रात मध्यमग्राम इलाके में सीएम शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे घर लौट रहे थे।
