महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी अहम खबर सामने आई है, जहां भारत-नेपाल सीमा पर बिना किसी वैध दस्तावेज के नेपाल में दाखिल होने की कोशिश कर रहे एक कथित अमेरिकी नागरिक को सशस्त्र सीमा बल यानी SSB ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शख्स ने अपनी पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन के तौर पर बताई है, जो खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का रहने वाला और अमेरिकी नौसेना व स्पेशल फोर्सेज का पूर्व अधिकारी बता रहा है। हालांकि उसके पास न पासपोर्ट मिला, न वीजा और न ही कोई वैध पहचान पत्र। ऐसे में अब सुरक्षा एजेंसियां उसके दावों की गहन जांच में जुट गई हैं। आखिर आरोपी कैसे भारत पहुंचा और नेपाल जाने की कोशिश क्यों कर रहा था।
दरअसल SSB की 22वीं बटालियन ने सोनौली थाना क्षेत्र के मैनिहवा इलाके में सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास आरोपी को पकड़ा। बताया गया है कि जवानों ने उसे नेपाल की ओर जाते देखा और रोकने का प्रयास किया। तलाशी में आरोपी के पास से 31 हजार 460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। लेकिन उसके पास पासपोर्ट, वीजा या कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिला है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि थाईलैंड में उसका पासपोर्ट खो गया था। उसने यह भी कहा कि वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका होते हुए नवंबर 2025 में भारत पहुंचा और तब से गोवा में रह रहा था।
हालांकि पूछताछ के दौरान उसने अपनी यात्रा और भारत आने को लेकर अलग-अलग बयान भी दिए। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी पहचान, यात्रा इतिहास और नेपाल जाने के मकसद की जांच कर रही हैं। वहीं आरोपी के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके भारत में प्रवेश, यात्रा के पूरे रिकॉर्ड और उसके वास्तविक उद्देश्य की जांच कर रही हैं।
वहीं, मामले की जानकारी अमेरिकी दूतावास को भी दे दी गई है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह सिर्फ इमिग्रेशन नियमों के उल्लंघन का मामला है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश छिपी है।
