नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी दिल्ली छावनी में तब्दील हो गयी है। हालांकि प्रदर्शन को पुलिस की इजाजत नहीं मिली है। पुलिस ने पहले हुए दिशा-निर्देशों के उल्लंघन और लोगों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन या अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति के लिए कम से कम दस दिन पहले आवेदन करना जरूरी है।
पुलिस ने बताया कि सीजेपी को पहले भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन पार्टी ने निर्धारित दिशा-निर्देशों और दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया। जिसके कारण ही इस बार उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। जंतर-मंतर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसका उद्देश्य लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा कर रही हैं। जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं। खासतौर से सेंट्रल दिल्ली में किसी भी तरह से कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए फुल प्रूफ प्लान तैयार है। यह क्षेत्र पूरी तरह से छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।
