रक्षा मंत्रालय ने रडार खरीद के लिए BEL के साथ 770 करोड़ रुपये का किया अनुबंध

दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के साथ लगभग 770 करोड़ रुपये की लागत से उन्नत निम्न-स्तरीय हल्के रडार (एलएलएलआर-आई) की खरीद के लिए अनुबंध किया है। नई दिल्ली में आज रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए गए।

मंत्रालय ने बताया कि यह रडार लड़ाकू विमानों के साथ-साथ छोटे ड्रोन का पता लगाने और उन पर नजर रखने में सक्षम है। इसमें हवाई लक्ष्यों को प्राथमिकता देने की सुविधा भी है। इससे सेना को मानवरहित हवाई प्रणालियों के खतरों से निपटने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप यह खरीद वायु रक्षा प्रणालियों के स्वदेशीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे देश के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और एक मजबूत, आत्मनिर्भर तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी रक्षा उद्योग के निर्माण में मदद मिलेगी।

Leave a Reply