1857 की क्रांति की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को देश का नमन

नई दिल्ली:

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की आज जयंती है। उनकी वीरता, साहस और बलिदान को देश याद कर रहा है।

रानी लक्ष्मीबाई का जन्म काशी में हुआ था। बचपन में उनका नाम मणिकर्णिका था और उन्हें प्यार से मनु कहा जाता था। उनके पिता मोरोपंत ने उनका पालन-पोषण किया।

मनु ने शिक्षा के साथ घुड़सवारी, तलवारबाजी और बंदूक चलाने का प्रशिक्षण भी लिया। वर्ष 1842 में उनका विवाह झांसी के महाराजा गंगाधर राव से हुआ। विवाह के बाद उन्हें लक्ष्मीबाई नाम मिला और वे झांसी की महारानी बनीं।

वर्ष 1851 में रानी लक्ष्मीबाई ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन चार महीने बाद उसका निधन हो गया। इसके बाद महाराजा गंगाधर राव ने दामोदर राव को गोद लिया।

21 नवंबर 1853 को महाराजा गंगाधर राव के निधन के बाद झांसी के सामने संकट खड़ा हो गया। उस समय भारत के गवर्नर जनरल लॉर्ड डलहौजी के शासनकाल में अंग्रेजों ने झांसी को ब्रिटिश शासन में मिलाने का फैसला किया।

रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के इस फैसले को स्वीकार नहीं किया और अपनी सेना को युद्ध के लिए तैयार किया।

मार्च 1858 में अंग्रेजी सेना ने झांसी पर हमला किया। रानी लक्ष्मीबाई ने अपनी सेना के साथ इसका मुकाबला किया। करीब दो सप्ताह तक झांसी में युद्ध चला। रानी स्वयं किले और नगर की सुरक्षा की निगरानी कर रही थीं।

अंग्रेजी सेना की भारी ताकत के कारण जब झांसी की रक्षा मुश्किल हो गई, तो रानी ने संघर्ष जारी रखने का फैसला किया। वह अपने दत्तक पुत्र दामोदर राव को पीठ पर बांधकर झांसी से निकल गईं।

झांसी से निकलकर रानी कालपी पहुंचीं, जहां तात्या टोपे समेत कई विद्रोही उनसे आ मिले। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर की ओर रुख किया और अंग्रेजों के खिलाफ फिर मोर्चा संभाला।

18 जून 1858 को ग्वालियर के निकट अंग्रेजी सेना से लड़ते हुए रानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं।

रानी लक्ष्मीबाई का संघर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनका साहस और बलिदान आज भी देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

Leave a Reply