देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सुरक्षित, स्वस्थ एवं टिकाऊ खान-पान प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश के पहले ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-2026’ का शुभारंभ किया। डॉ. रावत ने मुंबई से वेबिनार के माध्यम से हैकाथॉन का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के युवा सुरक्षित एवं संतुलित आहार को लेकर अपने-अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत करेंगे। हैकाथॉन के शुभारंभ के साथ ही प्रतिभागियों के लिए एप्लीकेशन विंडो भी खोल दी गई है।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘फिट इंडिया’ और ‘ईट राइट इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय अभियान स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं पोषण जैसे ज्वलंत विषयों पर हैकाथॉन आयोजित करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। यह राज्यव्यापी नवाचार आधारित प्रतियोगिता युवाओं को सुरक्षित भोजन, पोषण, फूड वेस्टेज, पारंपरिक एवं टिकाऊ कृषि से जुड़ी चुनौतियों पर नवाचारी एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में राज्य की सर्वश्रेष्ठ 5 टीमों का चयन किया जाएगा। जिन्हें क्रमशः 1.5 लाख, 1 लाख, 75 हजार तथा 50-50 हजार (दो पुरस्कार) की नकद धनराशि व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
