टिहरी। टिहरी झील के तट पर स्थित कोटी कॉलोनी में अंतर्राष्ट्रीय ऐक्रो फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में विश्व के 11 देशों से आए 57 प्रतिभागी खिलाड़ी अपनी रोमांचक ऐक्रोबेटिक एवं साहसिक खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी झील साहसिक खेलों के लिए अपार संभावनाओं से भरपूर है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर बनेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। वहीं, टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि टिहरी झील ऐतिहासिक है। यहां 2026 में अंतर्राष्ट्रीय ऐक्रो फेस्टिवल हो रहा है जिसको आगे बढ़ाने का काम हम सबका है।
उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। टर्की की महिला पैराग्लाइडर फिलिन ने बताया कि वो पिछले 6 वर्षों से पैराग्लाइडिंग करते आ रही है जबकि उन्होंने कहा कि मैं यहां आने के लिए बहुत उत्साहित थी, और मैं आगामी साल इस तरह के खेलों में शामिल होना चाहती हूं।
