गया: गयाजी स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, थाई एयर एशिया की फ्लाइट एफडी-122 से आए पांच यात्रियों के बैग से लगभग 25 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट के गया एयरपोर्ट पर उतरते ही कस्टम विभाग की टीम अलर्ट मोड में आ गई। नियमित जांच के दौरान जब यात्रियों के बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया गया, तो कुछ बैग संदिग्ध पाए गए। इसके बाद बैगों को अलग कर भौतिक जांच की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों ने पाया कि हाइड्रोपोनिक गांजे को खिलौनों के डिब्बों में बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। ऊपर से खिलौनों के छोटे-छोटे पुर्जे रखकर पैकिंग की गई थी, ताकि किसी को शक न हो।
गिरफ्तार पुरुष आरोपियों की पहचान अश्विनी द्विवेदी (उत्तर प्रदेश), गौरव विधुरी और गुलशन मीना के रूप में हुई है। वहीं, दो महिला आरोपी पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं, जिनके नाम मनप्रीत कौर और दिलप्रीत कौर हैं। प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह का सरगना अश्विनी द्विवेदी को बताया जा रहा है।
कस्टम विभाग के अनुसार, सभी पांचों आरोपियों को उनके सामान के साथ हिरासत में रखा गया है। उनसे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और भारत में डिलीवरी प्वाइंट को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। जब्त सामग्री की सूची तैयार की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यवाहक निदेशक अवधेश कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ इस वर्ष की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। उन्होंने कहा कि बरामद हाइड्रोपोनिक गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
