नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में हो रही इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न देशों के नेता नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार शाम भारत मंडपम में अतिथि नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बहुराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और शीर्ष AI कंपनियों के मुखिया भी पहुंचे हैं।

पीएम ने IMF की प्रबंध निदेशक, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव, क्रोएशिया के प्रधानमंत्री, नीदरलैंड के पीएम, सर्बिया के राष्ट्रपति, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति, मॉरीशस के प्रधानमंत्री, एस्टोनिया के राष्ट्रपति, फ़िनलैंड के प्रधानमंत्री, कजाकिस्तान के पीएम, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति, स्पेन के प्रधानमंत्री, बोलीविया के उपराष्ट्रपति, गुयाना के उपराष्ट्रपति, ग्रीस के प्रधानमंत्री, श्रीलंका के राष्ट्रपति, भूटान के प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।
विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में भारत मंडपम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। पीएम गुरुवार सुबह इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का शुभारम्भ करेंगे। भारत मंडपम में होने वाले इस समारोह में विभिन्न देशों के नेता और AI क्षेत्र के वैश्विक दिग्गज शरीक होंगे। पीएम और विभिन्न देशों के नेता इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का अवलोकन भी करेंगे।
पीएम गुरुवार को ही समिट के नेताओं के केन्द्रीय सत्र में हिस्सा लेंगे। इसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, शीर्ष मंत्री और बहुपक्षीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी शरीक होंगे। सत्र में AI पर राष्ट्रीय और वैश्विक प्राथमिकताओं की रूपरेखा पर चर्चा होगी। इसमें AI गवर्नेंस, इंफ्रा और इससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर मंथन शामिल है। पीएम एक सीईओ गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
