नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्ष विराम को लेकर अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से बड़ा दावा किया गया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” में अमेरिका को जीत मिली है। उन्होंने कहा ईरान को सीजफायर के लिए मजबूर होना पड़ा। हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस क्षण को संभव बनाया। उन्होंने कहा ऑपरेशन एपिक फ्यूरी जंग के मैदान में एक ऐतिहासिक और जबरदस्त जीत है। उनका कहना है कि इन हमलों के बाद ईरान को अपनी सैन्य ताकत फिर से खड़ी करने में कई साल लग सकते हैं।
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दया दिखाते हुए सीजफायर का फैसला लिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास कड़ी कार्रवाई का विकल्प था, लेकिन शांति और स्थिरता को प्राथमिकता दी गई। हेगसेथ के मुताबिक, इस पूरे अभियान में अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत का 10 प्रतिशत से भी कम इस्तेमाल किया, लेकिन इसके बावजूद ईरान को भारी नुकसान पहुंचा. उन्होंने दावा किया कि मंगलवार रात अमेरिका ने 800 से अधिक हमले किए, जिनमें ईरान के मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह तबाह कर दिया गया। हेगसेथ ने कहा कि, ईरान की कई फैक्ट्रियां जमींदोज कर दी गई हैं और उसका मिसाइल प्रोग्राम अब पूरी तरह ठप पड़ चुका है।
