नई दिल्ली। बेंगलुरु में 8 से 10 अप्रैल 2026 के दौरान अंतरिक्ष यान मिशन संचालन (SMOPS-2026) पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का दूसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। “स्मार्ट और सतत अंतरिक्ष मिशन प्रबंधन के लिए अभिनव संचालन” थीम पर आधारित इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ़ इंडिया और इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ़ एस्ट्रोनॉटिक्स द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
सम्मेलन का उद्देश्य मिशन ऑपरेशन मैनेजमेंट, एडवांस्ड मिशन डिजाइन, ऑटोमेशन, बड़े सैटेलाइट समूहों के प्रबंधन, मानव अंतरिक्ष उड़ान, स्पेस रोबोटिक्स, अंतरिक्ष नीति, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम दोनों क्षेत्रों में भविष्य की तकनीकों पर भी चर्चा हो रही है।
इस सम्मेलन का उद्घाटन इसरो के पूर्व अध्यक्ष ए. एस. किरण कुमार ने किया, जबकि इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन सहित कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ इसमें शामिल हुए। तीन दिवसीय इस आयोजन में 120 मौखिक और 88 पोस्टर प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, साथ ही नासा, जेएक्सए और ईएसए जैसी वैश्विक अंतरिक्ष एजेंसियों के विशेषज्ञ भी भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन में अंतरिक्ष मिशन संचालन की जटिलताओं, बढ़ते अंतरिक्ष ट्रैफिक, बड़े सैटेलाइट समूहों और मानव अंतरिक्ष मिशनों से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है। सत्रों में एआई और मशीन लर्निंग की भूमिका पर भी जोर दिया गया, जो भविष्य में अधिक स्वायत्त और कुशल मिशन संचालन को संभव बनाएगी।
सम्मेलन के अंतिम दिन छात्रों और युवा पेशेवरों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अंतरिक्ष मिशन, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। यह आयोजन वैश्विक अंतरिक्ष समुदाय के बीच सहयोग और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।
