राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच के लिए यूपी सरकार ने SIT गठित की

नई दिल्ली।  उत्तर प्रदेश सरकार ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। अयोध्या स्थित तीर्थ क्षेत्र में दान पात्रों को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष जांच दल गठित किए जाने का अनुरोध किया था।  

सरकार द्वारा गठित इस SIT को जांच प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर प्रारंभिक और अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन सदस्यीय इस SIT में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम में लखनऊ मंडल के डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत (IAS) को अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की वरिष्ठ अधिकारी और IG (रेंज) किरण एस को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा विशेष सचिव, वित्त विभाग नील रतन को भी इस जांच टीम का हिस्सा बनाया गया है।  

यह टीम मंदिर परिसर में प्राप्त दान, चढ़ावे और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच करेगी। राम मंदिर से जुड़ा यह मामला धार्मिक और संवेदनशील होने के कारण सरकार इसे अत्यंत गंभीरता से देख रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच का उद्देश्य मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखना और किसी भी प्रकार की गलतफहमी या अनियमितता को दूर करना है।

Leave a Reply