नई दिल्ली। कल यानी रविवार को देशभर में NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा होगी। पिछले साल पेपर लीक विवाद के बाद इस बार NTA के लिए यह सिर्फ परीक्षा नहीं, बल्कि विश्वसनीयता की भी परीक्षा है। प्रश्नपत्रों की ढुलाई से लेकर लाइव मॉनिटरिंग तक, सॉल्वर गैंग पर शिकंजे से लेकर सोशल मीडिया की निगरानी तक, व्यवस्था ऐसी बनाई गई है कि किसी भी स्तर पर सेंध लगाने की गुंजाइश न रहे।
रविवार दोपहर दो बजे देशभर के पांच हजार पांच सौ से अधिक परीक्षा केंद्रों पर NEET-UG री-एग्जाम शुरू होगा। लेकिन इस बार सबसे बड़ी परीक्षा छात्रों की नहीं, बल्कि व्यवस्था की है। पिछले वर्ष के विवादों के बाद NTA ने इस बार परीक्षा केंद्रों को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया है। देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी जिला प्रशासन, राज्य पुलिस और केंद्र सरकार की विशेष सुरक्षा इकाइयां संयुक्त रूप से करेंगी। करीब ढाई लाख पुलिसकर्मी अलर्ट मोड में रहेंगे। 674 सिटी कोऑर्डिनेटर, 6,669 पर्यवेक्षक और केंद्र अधीक्षक परीक्षा संचालन पर नजर रखेंगे। प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लगभग 15 हजार अर्द्धसैनिक बलों को सौंपी गई है। संवेदनशील इलाकों तक प्रश्नपत्र सुरक्षित पहुंचाने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई है।
तकनीकी सुरक्षा को भी कई स्तरों पर मजबूत किया गया है। देशभर में डेढ़ लाख अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर 15 हजार जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल की किसी भी कोशिश को रोका जा सके। NTA मुख्यालय और विशेष कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग होगी। किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
सॉल्वर गैंग पर शिकंजा कसने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन ने भी कड़े कदम उठाए हैं। देश के मेडिकल कॉलेजों को 20 और 21 जून को मेडिकल छात्रों को छुट्टी नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई मेडिकल छात्र किसी दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने न पहुंच सके। खुफिया एजेंसियां संदिग्ध सोशल मीडिया नेटवर्क, टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर लगातार नजर रखे हुए हैं। जयपुर समेत कई शहरों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई है। NTA ने छात्रों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित पेपर लीक के दावों पर भरोसा न करें। PIB फैक्ट चेक ऐसे दावों को पहले ही फर्जी करार दे चुका है।
कल की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर पंद्रह मिनट तक चलेगी। छात्रों को सुबह 11 बजे से प्रवेश मिलना शुरू होगा और दोपहर 1 बजकर 30 मिनट के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इस बार NTA का दावा है कि NEET-UG री-एग्जाम केवल निष्पक्ष ही नहीं, बल्कि देश में आयोजित होने वाली सबसे अधिक निगरानी वाली परीक्षाओं में से एक होगा।
