सहरसा। बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ लगातार उन लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा रहा है, जिनके मोबाइल गुम, चोरी या छिन गए थे। इसी अभियान के तहत सहरसा पुलिस ने 51 लोगों को उनके मोबाइल ससम्मान वापस सौंपे।
सहरसा पुलिस केंद्र में आयोजित विशेष शिविर में ऑपरेशन मुस्कान के नौवें चरण के तहत बरामद मोबाइल लौटाए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख 47 हजार 960 रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
वर्ष 2024 में शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक कुल 476 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 32 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइलों की लगातार बरामदगी कर रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना से संपर्क करें। शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल को ब्लॉक करने और ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू की जाती है, जिससे उसकी बरामदगी में मदद मिलती है।
पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य केवल गुम या चोरी हुए मोबाइल लौटाना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी है। इस अभियान की लगातार सफलता से लोगों का भरोसा और बढ़ रहा है।
