गांधी मैदान में 5,000 गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड

पटना।  बिहार गृह रक्षा वाहिनी में शामिल हुए 5,000 नए प्रशिक्षित गृह रक्षकों के सम्मान में बुधवार को पटना के गांधी मैदान में दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण किया।

परेड में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला गृह रक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा, सहायता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना गृह रक्षकों का सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने बताया कि सभी 5,000 जवानों को कानून-व्यवस्था प्रबंधन, आपदा राहत एवं बचाव कार्यों, सामुदायिक सुरक्षा तथा आधुनिक हथियारों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा और तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए भी उन्हें आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

सरकार ने गृह रक्षक जवानों के लिए बेहतर सुविधाएं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही जवानों से बदलते समय के अनुरूप तकनीक का उपयोग करते हुए मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील की गई।

Leave a Reply