खगड़िया (बिहार)। खगड़िया जिले में बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से परीक्षा पास कराने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने एक परीक्षा केंद्राधीक्षक सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानुप्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि परीक्षा में धांधली की साजिश रचे जाने की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-1
मुकुल रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर एक केंद्राधीक्षक समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से सात बैंक चेक, नौ मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो चारपहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, आठ एडमिट कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भोजपुर, खगड़िया, वैशाली, पटना और नवादा के निवासी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लोग अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर उनसे बैंक चेक और अन्य दस्तावेज ले रहे थे। एसपी ने कहा कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर साजिश को विफल कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सतर्कता के बीच आयोजित की जा रही थी, इसलिए कदाचार की कोई संभावना नहीं थी।
