टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में 71 लाख से बनेगा आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट

टिहरी। टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में नगर पालिका परिषद टिहरी और जिला प्रशासन के सहयोग से 71 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के बैडमिंटन खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें अभ्यास के लिए स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक खेल परिसर मिलेगा। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि नई टिहरी एक विस्तारित शहर है और लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा बैडमिंटन कोर्ट की मांग की जा रही थी। इस कोर्ट के निर्माण से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का कहना है कि बौराड़ी स्टेडियम पहले से ही विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है और स्टेडियम परिसर के भीतर बैडमिंटन कोर्ट बनने से इसकी मौजूदा संरचना और उपयोगिता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से कोर्ट के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने की मांग की है। क्रिकेट कोच असलद आलम का कहना है कि खेल सुविधाओं का विकास स्वागत योग्य है, लेकिन इसके लिए ऐसा स्थान चुना जाना चाहिए जिससे स्टेडियम के मूल स्वरूप और अन्य खेल गतिविधियों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply