जहानाबाद। बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच जहानाबाद सदर अस्पताल से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सदर अस्पताल के एक चिकित्सक, एक क्लर्क तथा कुछ अन्य लोगों के शराब पार्टी में शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई. भूटिया ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन किया गया है, जिसे जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने सदर अस्पताल के अधीक्षक से 12 घंटे के भीतर इस मामले में विस्तृत लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कथित वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। यदि जांच में वीडियो में किए जा रहे दावों की पुष्टि होती है, तो संबंधित चिकित्सक और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही और तथ्यात्मक हैं।
