सीरिया: मैक्रों के दौरे के बीच दमिश्क में धमाकों से दहशत

नई दिल्ली। सीरिया की राजधानी दमिश्क में उस समय जोरदार धमाकों से हड़कंप मच गया, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने ऐतिहासिक दौरे पर सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात कर रहे थे। राष्ट्रपति भवन के आसपास हुए इन धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धमाके राष्ट्रपति भवन से कुछ दूरी पर स्थित फोर सीजन्स होटल के निकट हुए, जहां स्थानीय मीडिया के मुताबिक फ्रांसीसी राष्ट्रपति ठहरे हुए थे। धमाकों के बाद इलाके में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक वाहन आग की लपटों में घिरा नजर आया, जबकि सड़क पर खून के निशान भी दिखाई दिए। फिलहाल हताहतों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और न ही किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इस बीच, फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका सीरिया दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। सीरियाई प्रशासन ने घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब फ्रांस और सीरिया के बीच वर्षों बाद उच्चस्तरीय कूटनीतिक संवाद की कोशिशें तेज हुई हैं और मैक्रों का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में विस्फोट हुआ था, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत और 20 अन्य घायल हुए थे। ताजा धमाकों ने एक बार फिर राजधानी दमिश्क की सुरक्षा व्यवस्था और वहां सक्रिय आतंकी नेटवर्क को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Leave a Reply