अजमेर। राजस्थान के अजमेर में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस और सीआईडी-सीबी की संयुक्त कार्रवाई में महिला को थाना क्षेत्र के एक होटल से पकड़ा गया। महिला की पहचान बांग्लादेश के ढाका की रहने वाली मीम अख्तर के रूप में हुई है।
अजमेर के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बताया कि जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत की गई कार्रवाई में महिला के पास भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया है कि वह अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थी।
पुलिस के अनुसार, वह पिछले महीने भारत आई थी और काम की तलाश में जयपुर तथा ब्यावर होते हुए अजमेर पहुंची थी, जहां वह एक होटल में ठहरी हुई थी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि भारत में उसके आने के उद्देश्य और संभावित संपर्कों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
