दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने नीट में रचा इतिहास, जिला प्रशासन उठाएगा मेडिकल पढ़ाई का खर्च

धनबाद। आर्थिक तंगी के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर धनबाद की पूनम कुमारी ने नीट-2026 में शानदार सफलता हासिल की है। दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने 582 अंक, 99.1375 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 16,972 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

भूदा बस्ती निवासी पूनम एसएसएलएनटी सीएम उत्कृष्ट गर्ल्स विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। उनके पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि मां पीपू देवी गृहिणी हैं। इससे पहले पूनम सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर धनबाद जिला टॉपर भी रह चुकी हैं। समाहरणालय में आयोजित समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन ने पूनम को सम्मानित किया और घोषणा की कि जिला प्रशासन उनकी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश से लेकर डॉक्टर बनने तक की पूरी शिक्षा का खर्च वहन करेगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

पूनम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और सरकारी विद्यालय में मिली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना कार्डियोलॉजिस्ट बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। पूनम की इस उपलब्धि को जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।

Leave a Reply