लखनऊ। हरियाणा के सोनीपत से सीएम योगी ने व्यापक जन अभियान के जरिये इस पर लगाम लगाने का ऐलान किया है। लव जिहाद को हथियार बनाकर बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ उठी सीएम योगी की इस हुंकार में मैसेज एक दम साफ है कि लव जिहाद के नाम पर सामाजिक ताने बाने पर चोट करने वालों के नापाक खेल का खात्मा बहुत जल्द किया जायेगा। लव जिहाद पर बेहद तल्ख लहजे में सीएम योगी का ये बयान एसे वक्त पर सामने आया है, जब यूपी की गलियों में राजधानी लखनऊ के KGMU का लव जिहाद और अवैध धर्मांतरण की साजिश का मुद्दा छाया हुआ है। कॉलेज की छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म बदलवाने के आरोप में रमीज कानून के शिकंजे में है और मामले की जांच के लिए गठित SIT की पूछताछ में तमाम तरह के दावे निकल कर सामने आ रहे हैं।
रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज की सोमवार को चौक पुलिस ने कोर्ट से 48 घंटे की रिमांड ली थी। रमीज की निशानदेही पर जांच टीम ने उसका लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद कर लिया। दावों के मुताबिक रमीज के लैपटाप में बने अलग-अलग फोल्डर से सौ से अधिक अश्लील वीडियो मिले साथ ही रमीज के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में कई चैट्स और फोन नंबर डिलीट किए जाने की जानकारी मिली।
फॉरेंसिक टीम अब डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने में जुटी हुई है। पुलिस और फोरेंसिक टीमें आरोपी रमीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी गहन जांच कर रही है। जांच में KGMU धर्मांतरण के आरोपी डॉ. रमीज मलिक के तार दिल्ली बम धमाके के आरोपी डॉ. परवेज अंसारी से जुड़ने के दावे किए गए थे। दावा ये भी था कि फरारी के दौरान रमीज का संपर्क प्रतिबंधित संगठन PFI के कई पदाधिकारियों से बना हुआ था।
सीएम योगी ने हरियाणा के मंच से भारत विरोधी ऐसी साजिशों को भी बेनकाब किया है। दरअसल गुरुवार को सोनीपत के मुरथल में नागे बाबा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां सीएम योगी ने नाथ पंथ की परंपरा और सनातन धर्म की महिमा पर जोर देते हुए ये साफ किया कि भारत के हित के सुरक्षित रहने से ही सनातन धर्म मजबूत होगा।
