सिंहभूम। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों का शीर्ष नेता और एक करोड़ रुपये का इनामी कुख्यात पतिराम मांझी उर्फ अनल ढेर कर दिया गया। इस मुठभेड़ के बाद अबतक 15 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोग के सामान भी बरामद किये गये। बरामद लाशों में एक मृतक की पहचान शीर्ष माओवादी नेता अनल दा उर्फ़ पतिराम मांझी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आज सुबह बहदा और कुमडीह गांव के बीच जंगल में भीषण मुठभेड़ हुई। जिसमें कुख्यात नक्सली पतिराम मांझी मारा गया। पतिराम नक्सली संगठन का शीर्ष नेता और रणनीतिकार था। वो पिछले दो दशकों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में सुरक्षाबलों पर हुए हमलों में उसकी संलिप्तता सामने आई थी।
