देवघर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के क्लब ग्राउंड के पास विराज ट्रेडिंग में छापेमारी कर करीब 500 किलो संदिग्ध पेड़ा और खोवा जब्त किया है। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, रांची मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान एक नवनिर्मित मकान में अवैध तरीके से पेड़ा निर्माण होता पाया गया, जहां खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पेड़ा निर्माण में रिफाइंड के इस्तेमाल की बात सामने आई है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मौके से करीब 500 किलोग्राम संदिग्ध कृष्णा ब्रांड पेड़ा बरामद किया गया। विभाग ने संबंधित कंपनी को बाजार से उत्पाद वापस लेने यानी रिकॉल करने का निर्देश दिया है। साथ ही पेड़ा विक्रेताओं से भी उक्त उत्पाद वापस लेने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
