ग्यारह साइबर अपराधी गिरफ्तार

देवघर।  देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी साइबर अपराध में लिप्त थे और ऑनलाइन कंपनियों के कर्मचारी बताकर लोगों को झांसा दिया करते थे।  देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र में देवघर पुलिस ने छापेमारी कर 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपियों में गुलाम रब्बानी, बजरंगी मंडल, मनीष मंडल, ब्रह्मदेव दास, अरबाज अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, मनवर अंसारी, असलम अंसारी, विनोद मिर्धा, उपेंद्र मेहरा और विक्रम रजक शामिल है। इसकी पुष्टि साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने की है।  साइबर डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की उम्र 19 से 30 वर्ष के बीच है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य सुनसान इलाके बैठकर लोगों को फोन करते थे और किसी कंपनी के कर्मचारी होने का हवाला देकर लोगों को झांसे लेकर पैसे की ठगी करते थे। सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की और साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया। 

साइबर डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए 11 आरोपियों में उपेंद्र मेहरा और ब्रह्मदेव दास आदतन साइबर अपराधी हैं। साइबर अपराध के आरोप में ये दोनों कई बार जेल भी जा चुके हैं। सभी आरोपी फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, अमेजॉन कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर लोगों के मोबाइल पर ओटीपी भेजते थे और जो लोग इन साइबर अपराधियों के झांसे में आ जाते थे उनके बैंक खातों से रुपये उड़ा देते थे। 

साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार उनकी टीम लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ कभी भी ओटीपी शेयर नहीं करने और सजग रहने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आए तो फौरन पुलिस को जानकारी दें।  गौरतलब है कि पिछले कुछ महीने में करीब 100 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं, लेकिन उसके बावजूद भी देवघर जिले में साइबर अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा रहा है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply